Home » खेल » वीरू करेंगे कप्‍तानी, यादव हो सकते हैं बाहर, अश्विन की वापसी संभव

वीरू करेंगे कप्‍तानी, यादव हो सकते हैं बाहर, अश्विन की वापसी संभव

ब्रिसबेन.ऑस्ट्रेलिया के हाथों 110 रन की शर्मनाक हार झेलने के बाद टीम इंडिया मंगलवार को यहां ट्राई सीरीज के आठवें मैच में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी। दोनों टीमों का पिछला मैच टाई खत्म हुआ था। अब देखना है कि अंकों की दौड़ में कौन आगे हो जाता है। भारत 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान और श्रीलंका 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। टॉप पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसके 14 अंक है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को खेले वनडे मैच में स्लो ओवर रेट के कारण भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर एक मैच का प्रतिबंध लगा दिया गया था। अत: टीम इंडिया धोनी के बिना ही श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जो उसके लिए बड़ी चुनौती होगी। धोनी की गैरमौजूदगी में ओपनर वीरेंद्र सहवाग को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि पार्थिव पटेल मैच में विकेटकीपिंग करेंगे।

सचिन का खेलना तय नहीं

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान ब्रेट ली के बाउंसर से मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के सिर में चोट लग गई थी। अत: वे खेलेंगे या नहीं यह तय नहीं है। सचिन को एहतियातन एमआरआई स्कैन का सुझाव दिया गया है। गेंद लगने से सचिन की दाईं आंख के समीप सूजन आ गई है। वैसे भी रोटेशन के अनुसार सहवाग यदि खेलते हैं तो सचिन को बाहर बैठना पड़ सकता है।

खेल सकते हैं अश्विन   सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले रविचंद्रन अश्विन को टीम में वापस बुलाए जाने की प्रबल संभावनाएं हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों में पांच विकेट चटकाए हैं।

उमेश यादव हो सकते हैं बाहर  टीम में चार तेज गेंदबाजों में से जहीर खान, विनय कुमार और इरफान पठान को टीम में रखा जा सकता है जबकि उमेश यादव को टीम से बाहर रखने की संभावना है। यदि टीम को जीत दर्ज करनी है तो शीर्षक्रम के साथ मध्यम क्रम में विराट कोहली, रोहित शर्मा और सुरेश रैना की युवा बल्लेबाज तिकड़ी को भी शानदार प्रदर्शन करना होगा।

श्रीलंका के प्रदर्शन में सुधार  वहीं श्रीलंका ने सीरीज में अपने प्रदर्शन में सुधार दिखाया है। शुरुआती मैचों में हार झेलने के बाद भारत के खिलाफ मैच टाई समाप्त होने के बाद उसने ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले मैच में आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। श्रीलंकाई बल्लेबाज और गेंदबाज शानदार फॉर्म में हैं और उनका क्षेत्ररक्षण भी काफी कसा हुआ नजर आ रहा है। श्रीलंका की टीम फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए भारत को हर हाल में हराने की पूरी कोशिश करेगी।

‘सुस्‍त’ हैं सचिन, सहवाग और गौतम गंभीर: धोनी

Share on Facebook

Other Posts in this category

No more posts found in this category
Post a Comment 
ePaper
Powered By Indic IME